




उझानी-बदांयू 6 जुलाई।
नगर में जर्जर सड़कों और ओवरलोड वाहनों के चलते हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। सोमवार दोपहर अढौली रेलवे फाटक से निकलते ही कादरचौक मार्ग पर मक्का लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नगर पालिका के नाले में पलट गई। इससे काफी देर तक मार्ग पर जाम लगा रहा।
दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ यह हादसा नरऊ गांव को जाने वाले नाले पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मक्का ओवरलोड थी। नाले पर एप्रोच न होने और सड़क पर बने गड्ढों के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन नाले में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक को हल्की चोटें आई हैं।
हादसे में आढ़तिया की मक्का की बोरियां नाले के गंदे पानी में गिरकर खराब हो गईं। इससे आर्थिक नुकसान हुआ है। मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। मजदूर लगा कर पहले मक्का की बोरियों को हटाने का काम जारी है फिर ट्रैक्टर को नाले से निकाला जाऐगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर मक्का की लोडिंग के कारण कादरचौक मार्ग पर दिनभर भारी वाहनों का दबाव रहता है। धर्मकांटे पर तौल कराने के लिए अढौली फाटक से एक तरफ मक्का लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों की लंबी कतार लग जाती है। इसी वजह से यहां दिन में दो से चार बार जाम लगना आम बात है।
लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से नाले पर पक्की एप्रोच बनाने, सड़क की मरम्मत कराने और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

