मुजरिया चौराहे पर कैंटर ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर
युवक की मौत, नैथुआ गांव का रहने वाला है मृतक जितेंद्र
बिल्सी। मुजरिया-सहसवान हाइवे पर स्थित मुजरिया चौराहे के पास शनिवार की सुबह तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कैंटर चालक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी जितेंद्र कुमार (18) शनिवार सुबह मजदूरी के लिए जा रहा था। वह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार था। इसी दौरान मुजरिया चौराहे के पास पीछे से तेज गति से आ रहे कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में कैंटर चालक ललित कुमार भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मुजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल बिल्सी के सरकारी अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल कैंटर चालक ललित का उपचार चल रहा है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुजरिया थाना प्रभारी विदेश शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में नैथुआ निवासी जितेंद्र की मौत हुई है, जबकि कैंटर चालक ललित घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
