2:16 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बिजली विभाग का झटका: बिना जांच 2-3 KW को सीधे 5 KW किया, उपभोक्ताओं में आक्रोश।


उझानी-बदांयू 4 जुलाई ।

बिजली विभाग ने उझानी क्षेत्र के दर्जनों उपभोक्ताओं को एक साथ बिल का झटका दे दिया है। उप्र पावर कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के स्वीकृत लोड को बिना मौके की जांच के अचानक 2 किलोवाट और 3 किलोवाट से बढ़ाकर 5 किलोवाट कर दिया गया है। इसकी सूचना उपभोक्ताओं को मैसेज के जरिए दी जा रही है।

पिछले 2-3 दिनों से उझानी के उपभोक्ताओं के मोबाइल पर UPPCL की तरफ से मैसेज आ रहे हैं। मैसेज में लिखा है – प्रिय उपभोक्ता, विद्युत कनेक्शन सं… में वित्तीय वर्ष 25-26 में स्वीकृत लोड से अधिक लोड का प्रयोग किया गया है, अतः आपका स्वीकृत लोड 5 KW कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड UPPCL।

सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि जिन उपभोक्ताओं ने बिजली बचाने के लिए सोलर सिस्टम लगवा रखा है, उनके लोड भी बढ़ा दिए गए हैं।

उझानी के एक प्रतिष्ठान स्वामी ने बताया, मेरे पास 3 KW का कनेक्शन है। उस पर भी पूरा लोड नहीं चलता क्योंकि 2 KW का सोलर सिस्टम लगा है। उसी से काम चल जाता है। इसके बाद भी मेरा लोड 5 KW कर दिया गया। अगर यही हाल रहा तो बिजली कनेक्शन ही कटवा देंगे।

उपभोक्ताओं का कहना है कि ये बिना जांच के की गई कार्रवाई पूरी तरह गलत है। उनका आरोप है कि फिक्स डिमांड चार्ज बढ़ाकर राजस्व बढ़ाने के लिए ये कदम उठाया गया है। 5 KW का फिक्स चार्ज 2-3 KW की तुलना में लगभग दोगुना होता है।

इस अचानक बढ़ोतरी से आम जनता से लेकर दुकानदारों तक में नाराजगी है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि जिनका वास्तविक लोड कम है, उनका लोड तुरंत पूर्व की स्थिति में किया जाए। साथ ही इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।

बिजली विशेषज्ञों के अनुसार 2 KW पर फिक्स चार्ज लगभग ₹150-₹200 प्रति माह है, जबकि 5 KW पर ये ₹650+ हो जाता है। यानी हर महीने ₹400-₹500 का अतिरिक्त भार उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

इस संबंध में आज दर्जनों उपभोक्ता बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों को मैसेज दिखाकर बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिल सका।

— राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.