11:33 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं : सोने-चांदी के अस्थिर भावों से ठंडा पड़ा सर्राफा बाजार, अनब्रांडेड दुकानों पर ग्राहकी 70% तक गिरी।

बदांयू 4 जुलाई।

सोने-चांदी के दामों में रोज होने वाले उतार-चढ़ाव और मंदी की मार अब बदायूं के सर्राफा बाजार पर भी साफ दिख रही है। ब्रांडेड शोरूम को छोड़ दें तो शहर की छोटी-बड़ी अनब्रांडेड ज्वेलरी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ 70 फीसदी तक कम हो गई है। कारोबारी बता रहे हैं कि पिछले साल जून की तुलना में इस बार बाजार सबसे सुस्त है।

सर्राफा एसोसिएशन के एक सदस्य ने बताया कि शादी का सीजन चल रहा है, बावजूद इसके ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच रहे।
अमीर ग्राहक ब्रांडेड ज्वेलरी के लिए बड़े शोरूम का रुख कर रहे हैं। वहीं आम आदमी शगुन निभाने के लिए हल्के वजनी गहनों से ही काम चला रहा है।

शहर में 100 से ज्यादा गहनों की दुकानें हैं। इनमें 80 फीसदी छोटे और मध्यम सर्राफा कारोबारियों की हैं जो ज्यादातर किराये की दुकानों में चल रही हैं।
कारोबारी विवेक गुप्ता के अनुसार धनतेरस-दिवाली के बाद से ही मंदी शुरू हो गई थी। जनवरी-फरवरी में दाम बढ़े तो ग्राहक और कम हुए। मिडिल ईस्ट में युद्ध और वैश्विक मंदी के कारण जून में सोने-चांदी के रेट कई बार बदले।

सर्राफ सुनील कुमार ने कहा कि अब ग्राहक भारी गहनों से हटकर हल्के वजनी गहने, जड़ाऊ कंगन और आर्टिफिशियल ज्वेलरी ज्यादा खरीद रहे हैं।
एक हफ्ते पहले 10 ग्राम सोना 1.43 लाख रुपये था, जो अब बढ़कर 1.48 लाख रुपये हो गया है। अगस्त से इसमें और तेजी आने की आशंका है।

कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले त्योहारों और सहालग में बाजार में कुछ सुधार हो, लेकिन फिलहाल ग्राहक खरीदारी टाल रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.