

पशुप्रेमी पर लापरवाही का आरोप, थाने में दी तहरीर।
उझानी-बदांयू 3 जुलाई।
उझानी कस्बे के मोहल्ला अनाज मंडी में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गट्टे लाल ज्वेलर्स की दुकान में बिजली के पैनल में करंट उतरने से एक बंदर की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में भदवारगंज निवासी शंकर गुप्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर दुकान मालिकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नगर के भाजपा नेता शंकर गुप्ता रूद्र पुत्र वृन्दावन लाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि 2 जुलाई की रात मोहल्ला अनाज मंडी स्थित गट्टे लाल ज्वेलर्स की दुकान में बिजली के पैनल के अंदर वायरिंग फॉल्ट था। इसी दौरान वहां आए एक बंदर की करंट की चपेट में आने से तत्काल मृत्यु हो गई।
तहरीर में आरोप है कि दुकान संचालक प्रखर अग्रवाल पुत्र नीरज अग्रवाल व नीरज अग्रवाल पुत्र रमेश अग्रवाल की लापरवाही से यह हादसा हुआ। बिजली का खुला पैनल असुरक्षित हालत में था।
शिकायतकर्ता का सबसे बड़ा आरोप यह है कि घटना के बाद दुकानदारों ने बिना किसी सूचना के बंदर के शव को ठिकाने लगा दिया। शंकर गुप्ता का कहना है कि कई स्थानीय लोगों ने घटना देखी थी, लेकिन आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गायब कर दिया।
शंकर गुप्ता ने कोतवाली प्रभारी से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण एक बेजुबान की जान गई है और साक्ष्य भी नष्ट किए गए। जबकि प्रखर अग्रवाल को पशुप्रेमी का तमगा मिला हुआ है। उनकी दुकान में ऐसा कृत्य अशोभनीय है। कल से दुकान में बंदर की मौत का वीडियो वाट्सऐप पर खूब वायरल हो रहा है।
कोतवाली पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि की है। एक अधिकारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग से भी दुकान की वायरिंग की रिपोर्ट मांगी जा सकती है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि बाजार की कई दुकानों में बिजली फिटिंग सुरक्षित नहीं है। लोगों ने प्रशासन से दुकानों की सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग उठाई है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com