।
बिल्सी बदांयू 1 जुलाई।
गौशाला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बुधवार को भक्ति और शिक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला। माननीय विधायक हरीश शाक्य ने अपनी विधायक निधि से प्रदत्त पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन कक्ष का फीता काटकर भव्य लोकार्पण किया।
लोकार्पण के बाद विधायक हरीश शाक्य ने नव-निर्मित कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। कक्षा-कक्ष की आधुनिक सुविधाओं और विद्यालय की साफ-सफाई व अनुशासन देखकर उन्होंने प्रबंधन की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा, “बच्चे देश का भविष्य हैं, इनके लिए बेहतर माहौल देना हम सबका दायित्व है।”
लोकार्पण के पावन अवसर पर विद्यालय प्रांगण में सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। ढोल-नगाड़ों और भजनों के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं, अभिभावकों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने पाठ में सहभागिता कर धर्मलाभ उठाया।
पाठ के समापन पर प्रसाद स्वरूप विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। बिल्सी नगर के तमाम संभ्रांत नागरिकों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
नवीन शैक्षणिक सत्र में विद्यालय में प्रवेश लेने वाले दर्जनों नन्हे-मुन्नों का विद्यालय परिवार ने तिलक लगाकर स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने सभी नव प्रवेशित विद्यार्थियों को स्नेह, आशीर्वाद और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर उन्होंने बच्चों से आह्वान किया, “मन लगाकर पढ़ो, खूब आगे बढ़ो और अपने माता-पिता, गुरुजनों, विद्यालय और समाज का नाम पूरे देश में रोशन करो।”
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि, सभासदगण, भाजपा पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, आचार्यगण और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

