बिल्सी -नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले गए तीन भाई, केस दर्ज।
हिमांशु, सुमित और सचिन पर आरोप, मां को धक्का देकर ले गए किशोरी।
बदांयू 30 जून।
बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जरई हयातनगर थाना बहजोई निवासी हिमांशु पुत्र अशोक कुमार अपने दो भाइयों सुमित और सचिन की मदद से किशोरी को घर से भगा ले गया। किशोरी की मां ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे धक्का दे दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसकी उम्र 18 साल से कम है। 29 जून की सुबह जब वह खेत पर मक्का की फसल देखने गए थे, तभी हिमांशु उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया।
पिता के अनुसार घटना के वक्त उनकी पत्नी घर पर थी। उसने बेटी को ले जाने से रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन हिमांशु ने उसे धक्का दे दिया। हिमांशु अपने भाई सुमित पुत्र अशोक कुमार और सचिन पुत्र अशोक कुमार की मदद से किशोरी को भगा ले गया। पिता ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बेटी का कोई पता नहीं चला।
बिल्सी थाना पुलिस ने हिमांशु, सुमित और सचिन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच अवर निरीक्षक अशोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस नाबालिग की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com