बदांयू -भंडारे में कहासुनी के बाद वकील के घर पर हमला, लाठी-डंडों से पीटा।
चंदऊ गांव का मामला, सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज।
बदांयू 30 जून।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव चंदऊ में मंदिर पर भंडारे के दौरान हुई कहासुनी के बाद दूसरे दिन दबंगों ने एक वकील के घर पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने “आज तेरी वकालत निकालेंगे” कहते हुए वकील और उसके परिवार पर हमला बोला। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर जान बचाई। पीड़ित वकील की तहरीर पर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव चंदऊ निवासी आशीष कुमार शर्मा पुत्र अविनेश कुमार शर्मा पेशे से वकील हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जून को गांव के मंदिर पर भंडारा चल रहा था। वहां उनके चाचा भी मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कार्तिक, मुकुल, छोटू पुत्रगण रोहिताश, सौरभ पुत्र राजपाल सिंह, राजपाल सिंह पुत्र दरियाय सिंह, रोहिताश सिंह पुत्र केदार सिंह, दवेंद्र सिंह और जुगेंद्र सिंह पुत्र राजपाल सिंह से चाचा की बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर चाचा के साथ मारपीट की।
आशीष ने बताया कि 28 जून की सुबह करीब 8 बजे जब वह घर से निकल रहे थे, तभी उपरोक्त सभी लोग धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर उनके घर आ धमके। गाली-गलौज करते हुए बोले कि “आज तेरी वकालत निकालेंगे” और अचानक लात-घूंसों व हथियारों से हमला कर दिया।
शोर सुनकर पड़ोसी रामनिवास पुत्र आंगन सिंह, नरेंद्र सिंह पुत्र लालू सिंह, कल्याण पुत्र ठाकुर दास, नौनंद सिंह पुत्र केहरी सिंह और घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अगर समय रहते लोग नहीं आते तो आरोपी जान से मार देते।
आशीष ने बताया कि गांव में अधिकांश लोग कुर्मी समाज से हैं, उनका इकलौता घर ब्राह्मण समाज का है। इस हमले के बाद परिवार में भय और दहशत का माहौल है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आशीष कुमार शर्मा की तहरीर पर कार्तिक, मुकुल, छोटू, सौरभ, राजपाल सिंह, रोहिताश सिंह, दवेंद्र सिंह और जुगेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com