प्रशासन से निर्माण कार्य रुकवाने की उठाई मांग
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या छह की साईं विहार कॉलोनी में मोबाइल टावर लगाए जाने को लेकर सोमवार दोपहर यहां के लोगों का विरोध तेज हो गया। करीब साढ़े 12 बजे बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी निर्माण स्थल पर एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने की मांग की। लोगों का आरोप है कि उनकी आपत्तियों की अनदेखी कर जबरन मोबाइल टावर स्थापित किया जा रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं विमला देवी ने कहा कि पूरी कॉलोनी मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में है, इसके बावजूद लोगों की भावनाओं और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। अधिवक्ता सुमित गोस्वामी ने बताया कि टावर का निर्माण रुकवाने के लिए संबंधित उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी गई है। वहीं पूजा ने कहा कि जब पूरी कॉलोनी एकजुट होकर विरोध कर रही है तो प्रशासन और कंपनी को लोगों की बात सुननी चाहिए। स्थानीय निवासी ममता ने भी मोबाइल टावर से होने वाले संभावित स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को लेकर चिंता जताई।
उधर, मोबाइल टावर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक कुमार ने कंपनी का पक्ष रखते हुए बताया कि टावर का निर्माण पूरी तरह वैधानिक प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। उनके अनुसार, कंपनी के पास स्थानीय प्रशासन से जारी सभी आवश्यक अनुमतियां उपलब्ध हैं और निर्माण कार्य नियमानुसार कराया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन की सूचना पर बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर लोगों को शांत कराया। प्रदर्शन के बाद कॉलोनीवासियों ने एक बार फिर प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य की जांच कराने और उनकी आपत्तियों पर विचार करने की मांग की है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

