4:43 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

भिलौलिया में बोधि-पथ साप्ताहिक कार्यशाला का समापन

भिलौलिया में बोधि-पथ साप्ताहिक कार्यशाला का हुआ समापन
प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित
बिल्सी। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के अंतर्गत अन्तर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, लखनऊ द्वारा क्षेत्र के ग्राम भिलौलिया में आयोजित ग्रीष्मकालीन ‘बोधि-पथ’ साप्ताहिक कार्यशाला का सोमवार को भव्य समापन हो गया। कार्यशाला का विषय “सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण में बौद्ध दृष्टिकोण” रहा।
समापन समारोह में अन्तर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, लखनऊ के निदेशक राकेश सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख केसी शाक्य ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, बौद्ध साहित्य एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का धम्म मानवता, करुणा, नैतिकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं युवाओं और विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना तथा नैतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध वंदना, त्रिशरण एवं पंचशील के साथ हुआ। कार्यशाला के दौरान सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, अहिंसा, मैत्री तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से विचार रखे। प्रतिभागियों ने भी पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के संयोजक जयप्रकाश शाक्य ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बोधि-पथ कार्यशाला का उद्देश्य समाज में बुद्ध के धम्म, नैतिक शिक्षा एवं सामाजिक समरसता का व्यापक प्रसार करना है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस