।
रोज की समस्या से परेशान लोग, पुलिस ने मशक्कत कर खुलवाया रास्ता।
बिल्सी बदांयू 29 जून।
बदायूं जिले के बिल्सी नगर में सोमवार दोपहर गल्ला मंडी के पास कछला-बिसौली मार्ग पर लंबा जाम लग गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों के अनुसार इन दिनों गल्ला मंडी में मक्का की आवक तेजी से बढ़ी है। मंडी में फसल बेचने आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों की अनियंत्रित कतारों के कारण मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दो लेन का मार्ग सिंगल लेन में तब्दील हो जाता है।
जाम में फंसे स्थानीय निवासी राम सिंह ने बताया कि कछला-बिसौली मार्ग पर जाम लगना अब रोज की समस्या बन चुका है। लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए निकलते समय घंटों इस जाम से जूझना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।
एक अन्य राहगीर सुनहरी लाल ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ट्रैफिक और गल्ला मंडी के पास वाहनों की सही व्यवस्था की जाए, तो स्थानीय लोगों और राहगीरों को इस समस्या से निजात मिल सकती है।
जाम की सूचना मिलते ही बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर खड़े वाहनों और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।
फिलहाल, बिल्सी के स्थानीय निवासी लोकेश वार्ष्णेय ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि गल्ला मंडी के पास यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस और स्थाई कदम उठाए जाएं। ताकि भविष्य में एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को इस तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com