दो महीने से घुटनों तक पानी में डूबा बिल्सी का वार्ड-5, बीमारियों का खतरा बढ़ा।
शिकायतों के बावजूद नहीं चेता प्रशासन, टेंडर पूरा होने का दावा।
बिल्सी, बदायूं 29 जून ।
बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर 5 की मुख्य सड़क लंबे समय से जलभराव की गिरफ्त में है। हालात ये हैं कि पिछले दो महीने से सड़क पर घुटनों तक गंदा पानी भरा है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों का आवागमन दूभर हो गया है।
स्थानीय निवासी मुन्नी देवी ने बताया कि घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। एक अन्य निवासी दिलीप बाबू के अनुसार मुख्य सड़क पर नालियों का गंदा पानी जमा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार लिखित शिकायत की गई, लेकिन धरातल पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष पति ओम प्रकाश सागर ने बताया कि सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। ठेकेदार को कार्य सौंप दिया गया है और बहुत जल्द मौके पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि कागजी प्रक्रिया से आगे बढ़कर तुरंत काम शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को गंदगी और बीमारियों से राहत मिल सके। फिलहाल मोहल्ले के लोग कीचड़ और बदबू के बीच रहने को मजबूर हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com