4:43 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

ट्रैक्टर-टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत, चालक गंभीर घायल

ट्रैक्टर-टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत, चालक गंभीर घायल
प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई-गुधनी मार्ग पर शनिवार की शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली और टेंपो की आमने-सामने की भिड़ंत में टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव बेहटा गुंसाई निवासी शाहरुख खान पुत्र यूनिस टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। शनिवार की शाम वह अपने टेंपो से रिश्तेदारी में गांव सिरासौल जा रहा था। जैसे ही वह बेहटा गुंसाई और गुधनी के बीच पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसके टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और चालक शाहरुख गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने घटना की सूचना तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को दी। एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी बिल्सी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि हादसे के समय टेंपो में चालक के अलावा कोई अन्य सवारी मौजूद नहीं थी। यदि टेंपो में यात्री बैठे होते तो दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस