11:28 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

UPTET-2026 की तैयारियां पूरी, बदायूं के 15 केंद्रों पर 28,198 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; सुरक्षा और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष जोर

बदायूं

UPTET-2026 की तैयारियां पूरी, बदायूं के 15 केंद्रों पर 28,198 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; सुरक्षा और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष जोर

केशव गुप्ता

बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी एवं परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 28,198 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा तीन दिनों में पांच पालियों में आयोजित होगी। प्रथम तीन पालियां उच्च प्राथमिक स्तर तथा अंतिम दो पालियां प्राथमिक स्तर की होंगी। पहली दो पालियों में 5,639-5,639 तथा अंतिम तीन पालियों में 5,640-5,640 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 से 8:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12:15 से 1:45 बजे तक ही मान्य रहेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और काला डॉट पेन ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त कोई भी वस्तु केंद्र परिसर में मान्य नहीं होगी।
बैठक में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था, प्रत्येक केंद्र पर प्राथमिक चिकित्सा किट उपलब्ध कराने तथा रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों की दूरी एवं किराये की जानकारी वाले बैनर लगाने के भी आदेश जारी किए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एआरएम रोडवेज, स्टेशन मास्टर रेलवे तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन, भोजन और चिकित्सा संबंधी किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, पुलिस नोडल अधिकारी के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा अभ्यर्थियों के धार्मिक प्रतीकों का सम्मान करते हुए उनकी सघन सुरक्षा जांच सुनिश्चित की जाए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.