कछला गंगा में डूबने से दो युवकों की मौत, विधायक हरीश शाक्य ने परिजनों को सौंपे आर्थिक सहायता के चेक
बिल्सी/बदायूं। कछला स्थित गंगा में डूबने से ग्राम बगुला नगला निवासी दो युवकों विवेक पुत्र लीलाधर एवं कृष्ण अवतार पुत्र दाताराम की असामयिक मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी विधायक हरीश शाक्य शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान विधायक ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मृतक विवेक की पत्नी खुशबू एवं कृष्ण अवतार की माता श्रीमती ज्ञानवती को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक घटना है। प्रदेश सरकार इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवारों को शासन द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।




गांव के लोगों ने भी दिवंगत युवकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

