कोषाध्यक्ष को बचाया जा रहा- शंकराचार्य ने राम मंदिर ट्रस्ट पर दागे सवाल, पूछा- कहां हैं गोविंद गिरी ?
बदांयू 27 जून।
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शनिवार को बदायूं में राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सीधा हमला बोला। उन्होंने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद गिरी का नाम लेते हुए कहा कि पैसे के मामलों में सबसे पहले कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय होती है, लेकिन उनका नाम तक नहीं लिया जा रहा।
दो दिवसीय प्रवास पर बदायूं पहुंचे शंकराचार्य ने कहा, कहां हैं गोविंद गिरी, जो प्रधानमंत्री को चम्मच से जलमोदन पिलाकर उनका झूठा हाथ में लेकर घूम रहे थे ? महात्माओं के वेश को बदनाम कर रहे थे। अब उनका नाम तक नहीं लिया जा रहा। पैसे के मामले में सबसे पहले तो कोषाध्यक्ष ही पकड़ा जाता है।
शंकराचार्य इन दिनों ‘गविष्टि – गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध’ यात्रा पर हैं। उन्होंने बताया कि तीन मई को गोरखपुर से शुरू हुई 81 दिवसीय यात्रा के 50 दिन पूरे हो चुके हैं। बदायूं में दो दिन रुककर जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में गो-रक्षा के लिए जनजागरण करेंगे। 24 जुलाई को लखनऊ के कांशीराम स्मृति स्थल पर अगले चरण की घोषणा होगी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से रामभक्तों की सरकार होने के बावजूद गोहत्या बंद नहीं हुई। गौ माता को सिर्फ पशु मानकर देखा जा रहा है। उन्होंने अब नहीं तो कभी नहीं के संकल्प के साथ मतदाताओं से सीधे संवाद कर गो-रक्षा के पक्ष में मतदान की अपील की। उनका नारा है- जो गौ माता को मां मानता है, वह हमारा भाई है। जो नहीं मानता, वह हमारा नहीं है।
शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण, भूमि खरीद और चढ़ावे में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही। दो करोड़ की जमीन कुछ मिनटों में 22 करोड़ में कैसे खरीदी गई? चढ़ावे में गड़बड़ी और 40 फीसदी कमीशन की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
उनका दावा था कि असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हो रही, बल्कि छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है। 40 दिन की सीसीटीवी फुटेज में 70 हजार से अधिक चोरी की घटनाएं रिकॉर्ड हैं, लेकिन कार्रवाई कहां है?।
शंकराचार्य ने मीडिया पर आरोप लगाया कि इन मुद्दों को प्रमुखता नहीं दी जा रही। उन्होंने कश्मीर में गोहत्या कानून, भाजपा की नीतियों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर भी सवाल उठाए। साफ किया कि उनका मकसद किसी दल का समर्थन या विरोध नहीं, बल्कि गो-रक्षा के लिए मतदाताओं को जागरूक करना है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

