6:09 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी की प्रतिभा ने छुआ शिखर: डॉ. स्नेहा वार्ष्णेय ने एमबीबीएस की उपाधि अर्जित कर रचा कीर्तिमान

उझानी की प्रतिभा ने छुआ शिखर: डॉ. स्नेहा वार्ष्णेय ने एमबीबीएस की उपाधि अर्जित कर रचा कीर्तिमान।

बदायूं एक्सप्रेस परिवार में हर्षोल्लास, संवाददाता राजेश वार्ष्णेय की भतीजी ने बढ़ाया जिले का गौरव।

बदांयू से सुशील धींगडा की कलम से —
बदायूं, 24 जून।

विद्या की साधना और संकल्प की तपस्या जब एकाकार होती है, तो इतिहास रचे जाते हैं। ऐसा ही एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है उझानी की ज्ञानदीप्त बेटी डॉ. स्नेहा वार्ष्णेय ने। चिकित्सा शास्त्र की कठिन परीक्षा को अपनी अथक निष्ठा से उत्तीर्ण कर उन्होंने एमबीबीएस की गौरवमयी उपाधि अर्जित की है। उनकी इस अनुपम उपलब्धि से समूचा बदायूं जनपद हर्षित और गौरवान्वित है।

यह हमारे लिए दोहरी प्रसन्नता का विषय है कि डॉ. स्नेहा बदायूं एक्सप्रेस के उझानी संवाददाता राजेश वार्ष्णेय की भतीजी हैं। बचपन से ही प्रतिभा की धनी रहीं स्नेहा ने अपनी तन्मयता और कठोर परिश्रम से यह यशस्वी मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता ने न केवल वार्ष्णेय परिवार अपितु बदायूं एक्सप्रेस परिवार को भी आलोकित किया है।


डॉ. स्नेहा का मानना है कि चिकित्सक का श्वेत परिधान केवल सम्मान नहीं, एक पवित्र व्रत है। उन्होंने कहा, “यह उपाधि मेरे कर्तव्यपथ का प्रथम सोपान है। मेरा प्रण है कि मैं अपनी विद्या को जन-जन, विशेषकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने में समर्पित करूंगी।” उनके ये उद्गार निष्काम सेवा की उस परंपरा को जीवंत करते हैं जो भारतीय चिकित्सा का मूल है।

इस शुभ अवसर पर बदायूं एक्सप्रेस टीम हृदय की गहराइयों से डॉ. स्नेहा वार्ष्णेय को अनंत शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित करती है। हमें विश्वास है कि वे अपने ज्ञान और करुणा से चिकित्सा जगत में नए प्रतिमान स्थापित करेंगी।

उझानी की इस होनहार बेटी की सफलता जनपद की प्रत्येक बालिका के लिए प्रेरणा स्रोत है। यह सिद्ध हुआ कि बेटियां यदि ठान लें तो ज्ञान के हर शिखर पर अपना परचम लहरा सकती हैं।
—*

विज्ञापन एक्सप्रेस