12:29 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

मंडी में मक्का की बंपर आवक से बिल्सी में हाईवे जाम, दो घंटे फंसे रहे वाहन

मंडी में मक्का की बंपर आवक से बिल्सी में हाईवे जाम, दो घंटे फंसे रहे वाहन।

बिल्सी बदांयू 24 जून ।

बिल्सी में कछला-शाहबाद हाईवे पर बुधवार को मंडी के पास भीषण जाम लग गया। करीब दो घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम में फंसे लोग भीषण गर्मी में बिलबिलाते रहे।

स्थानीय लोगों के अनुसार इन दिनों गल्ला मंडी में मक्का की आवक तेज हो गई है। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मक्का लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। मंडी के बाहर सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों और हाईवे पर बढ़ते दबाव के कारण दोपहर में अचानक जाम लग गया।

जाम इतना विकट था कि दोपहिया और पैदल राहगीरों का निकलना भी मुश्किल हो गया। ट्रैक्टर चालक लालबहादुर ने बताया कि वह दोपहर से ही जाम में फंसा था और दो घंटे बाद निकल पाया। स्थानीय निवासी गोपाल शर्मा के मुताबिक, देखते ही देखते वाहनों की कतारें दूर तक लग गईं।

सूचना पर बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक कर वाहनों को निकलवाया। करीब दो घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका।

व्यापारियों ने प्रशासन से मंडी के बाहर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि रोज लगने वाले जाम से निजात मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस