उझानी में मुर्गी फार्म से सोलर बैट्री चोरी, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार।
उझानी-बदांयू 23 जून ।
नगर के मोहल्ला बाजार कलां निवासी प्रतीक कुमार उर्फ भोला के मुर्गी फार्म हाउस से अज्ञात चोरों ने सोलर पैनल में लगी दो बैटरियां चोरी कर लीं। घटना के बाद पीड़ित ने उझानी कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रतीक कुमार का कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फुलासी में ‘उर्मिला मुर्गी फार्म हाउस’ है। शिकायती पत्र के अनुसार, 22/23 जून की रात अज्ञात चोरों ने फार्म हाउस में घुसकर सोलर पैनल से जुड़ी दो बैटरियां निकाल लीं और फरार हो गए।
सुबह जब प्रतीक फार्म पर पहुंचे तो सोलर सिस्टम बंद मिला। जांच करने पर बैटरियां गायब थीं। चोरी से फार्म की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे मुर्गियों के लिए लगाए गए पंखे और लाइटें बंद हैं। गर्मी के मौसम में इससे बड़ा नुकसान होने की आशंका है।
पीड़ित प्रतीक कुमार ने बताया कि उन्होंने तत्काल उझानी कोतवाली में तहरीर दी है। पत्र में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर बैटरियां बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही चोरों का पता लगाया जाएगा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में सोलर पैनल, बैट्री और मोटर चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। किसान और पशुपालक सोलर उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com