12:35 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, सभासदों ने डीएम से लगाई गुहार

बिल्सी। नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 18 के सभासद उमेश बाबू और अजीत सिंह गूर्जर ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है। सभासदों का आरोप है कि बिल्सी के अंदर चुंगी स्थित सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
शिकायत के अनुसार श्रेणी-03 की सरकारी भूमि, गाटा संख्या 173, रकबा 0.0202 हेक्टेयर पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से मकान और दुकानें बना ली हैं। इस संबंध में शिकायतकर्ता पिछले लगभग एक वर्ष से विभिन्न माध्यमों से प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत में कहा गया है कि एसडीएम बिल्सी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके की जांच की थी। जांच रिपोर्ट में भूमि पर अवैध कब्जा पाए जाने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद एसडीएम ने 4 मई 2026 को तहसीलदार को उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67(1) के तहत बेदखली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
सभासदों का आरोप है कि आदेश जारी होने के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने तहसील प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस