1:03 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

मोहर्रम को लेकर बदायूँ में हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने पीस कमेटी संग की अहम बैठक

बदायूं

मोहर्रम को लेकर बदायूँ में हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने पीस कमेटी संग की अहम बैठक

ताजिया जुलूस तय मार्गों से निकालने के निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

केशव गुप्ता

बदायूँ। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन बदायूँ में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा ने की।
बैठक में धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं संभ्रांत लोगों ने भाग लिया। डीएम और एसएसपी ने सभी से पारंपरिक भाईचारे और कानून व्यवस्था का पालन करते हुए मोहर्रम मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी ताजिया एवं जुलूस पूर्व निर्धारित और स्वीकृत मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा किसी भी नई परंपरा या मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं दी जाएगी। ताजिया और अलम की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए गए ताकि विद्युत लाइनों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मोहर्रम के दौरान सोशल मीडिया पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से निगरानी रखी जाएगी। ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लाउडस्पीकरों के प्रयोग को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके

विज्ञापन एक्सप्रेस