बदायूं
सड़क पर सुखाई जा रही मक्का की फसल बनी मौत का कारण, ट्रैक्टर से कुचलकर 10वीं के छात्र की दर्दनाक मौत
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद के बिल्सी कोतवाली क्षेत्र में सड़क पर फैलाई गई मक्का की फसल एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। हैबतपुर गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र की ट्रैक्टर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र ईशू अपने नाना मैकूलाल के साथ बिल्सी क्षेत्र के गांव कटिन्ना में एक दावत में शामिल होने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहा था। रास्ते में सड़क पर फैली मक्का की फसल के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने छात्र ईशू को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर मक्का समेत अन्य फसलें सुखाने की प्रथा लगातार हादसों का कारण बन रही है। इसके बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सड़क पर फसल सुखाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक मार्गों पर फसल सुखाने की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे भविष्य में भी लोगों की जान लेते रहेंगे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

