बदांयू -गंगा दशहरा पर आज रात से 24 घंटे रहेगा रूट डायवर्जन, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने की तैयारी।
बदायूं, 22 जून।
गंगा दशहरा एवं ज्येष्ठ दशमी पर्व पर कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बदायूं पुलिस ने शहर में 24 घंटे का रूट डायवर्जन लागू कर दिया है।
सोमवार रात 8 बजे से मंगलवार रात 8 बजे तक रहेगा डायवर्जन
पुलिस प्रशासन के मुताबिक, यह डायवर्जन सोमवार रात 8 बजे से शुरू होकर मंगलवार रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के साथ अन्य वाहनों का भी रूट बदला गया है, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान में किसी तरह की असुविधा न हो और जाम की स्थिति न बने।
ये रहेगा वाहनों का नया रूट-
हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान जाने वाले ट्रक, ट्रॉला, डीसीएम व अन्य वाहन उझानी बाइपास, मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर और बबराला होते हुए जाएंगे।
कासगंज, एटा और आगरा- की ओर जाने वाले वाहन नौशेरा तिराहा से कादरचौक और गंजडुंडवारा मार्ग से भेजे जाएंगे।
मुजरिया चौराहा तथा सहसवान-कछला मार्ग से किसी भी वाहन को कछला होकर कासगंज नहीं जाने दिया जाएगा।
इन जगहों पर रहेगी सख्ती
डायवर्जन को लागू कराने के लिए नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाइपास, मुजरिया चौराहा और सहसवान-कछला रोड पर संबंधित थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस तैनात रहेगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे डायवर्जन प्लान देखकर ही यात्रा करें और पुलिस का सहयोग करें। घाटों पर सुरक्षा के लिए 150 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com