बदायूं
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बदायूं पुलिस लाइन में भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने किया योगाभ्यास
केशव गुप्ता
बदायूं, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद बदायूं की पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न योग संस्थाओं के सदस्यों ने सहभागिता कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना उपस्थित रहे। उनके साथ जीएसटी मंडलायुक्त नितिन बंसल, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, एमएलसी वागीश पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर सहित पुलिस और प्रशासन के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन पद्धति और अनुशासन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा अनेक बीमारियों की रोकथाम संभव है। योग तनाव, चिंता और नकारात्मक विचारों को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए योग को भारतीय संस्कृति, सभ्यता और समृद्ध विरासत का प्रतीक बताया गया। सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में उत्साह, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को योग के प्रति प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

