बदायूं
बदायूं पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई सीओ और डीएसपी के कार्यक्षेत्र बदले
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जारी आदेश के तहत कई क्षेत्राधिकारियों (सीओ) एवं पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) के कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। नए आदेश के बाद विभिन्न सर्किलों और शाखाओं की जिम्मेदारी नए अधिकारियों को सौंप दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार रजनीश कुमार उपाध्याय को क्षेत्राधिकारी नगर नियुक्त किया गया है। उनके अधीन कोतवाली, सिविल लाइन, बिनावर, कुंवरगांव, महिला थाना एवं साइबर थाना की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी रहेगी। साथ ही उन्हें पुलिस उपाधीक्षक लाइन/अपराध तथा क्षेत्राधिकारी उझानी का लिंक अधिकारी भी बनाया गया है।
वहीं अंशुमन श्रीवास्तव को क्षेत्राधिकारी बिसौली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अधीन बिसौली, फैजगंज बेहटा और वजीरगंज थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था का पर्यवेक्षण रहेगा। उन्हें क्षेत्राधिकारी सहसवान का लिंक अधिकारी भी नामित किया गया है।
संजीव कुमार को पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय/चुनाव का दायित्व दिया गया है। वे पुलिस पेंशनर्स बोर्ड, विशेष जांच प्रकोष्ठ, शिकायत प्रकोष्ठ, जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो, फील्ड यूनिट एवं चुनाव सेल से जुड़े कार्यों की निगरानी करेंगे।
इसके अलावा सुनील कुमार सिंह को क्षेत्राधिकारी उझानी बनाया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में उझानी, कादरचौक, उसहैत और मूसाझाग थानों की कानून व्यवस्था शामिल रहेगी।
सुरेन्द्र कुमार यादव को महिला अपराध, मिशन शक्ति एवं मीडिया प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सुनील अहलावत को पुलिस उपाधीक्षक यातायात के पद पर नई तैनाती दी गई है।
पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में बेहतर कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और विभागीय कार्यों में समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

