8:25 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

पकौड़ी बेचकर परिवार पाल रहा था राहुल, नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने छीन ली जिंदगी

बदायूं

पकौड़ी बेचकर परिवार पाल रहा था राहुल, नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने छीन ली जिंदगी

अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ठेले में घुसी, दुकानदार की मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम

केशव गुप्ता

बिसौली (बदायूं)। जनपद बदायूं के बिसौली-इस्लामनगर रोड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। उघैती थाना क्षेत्र के गांव करनपुर में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे लगी पकौड़ी की दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान चला रहे राहुल पुत्र परमेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राहुल गांव में पकौड़ी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह रोज की तरह अपनी दुकान पर ग्राहकों को पकौड़ी बेच रहे थे। तभी अचानक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सीधे उनके ठेले में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए राहुल को बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक नशे में धुत था और इसी कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलते ही उघैती पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आरोपी चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
“एक गरीब की रोजी-रोटी के साथ उसकी जिंदगी भी छीन ले गया बेलगाम ट्रैक्टर” – यह हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

विज्ञापन एक्सप्रेस