4:53 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

अंबियापुर में दो साल से जलभराव से जूझ रहे ग्रामीणों का प्रदर्शन

अंबियापुर में दो साल से जलभराव से जूझ रहे ग्रामीणों का प्रदर्शन
ग्रामीणों ने डीएम से की समाधान की मांग
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम अंबियापुर में लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या से परेशान ग्रामीणों का शुक्रवार को सब्र टूट गया। ग्रामीणों ने विकास खंड अंबियापुर के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से गांव की एक प्रमुख गली में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गली में हर समय दूषित पानी और कीचड़ भरा रहता है। इससे लोगों को घरों से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। कई बार बच्चे और महिलाएं फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे चोट लगने के साथ उनके कपड़े भी खराब हो जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान एवं विकास खंड अंबियापुर के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि अधिकारियों की अनदेखी के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं कराई गई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि गली में जमा दूषित पानी से संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने डीएम से हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान रविंद्र सिंह, दिनेश कुमार, बंटी शाक्य, राजकुमार, अनिल कुमार, शीलादेवी, राजरानी, सत्यदेव, नेमचंद्र समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस