बदायूं
जमीन विवाद में हुई हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूं। थाना वजीरगंज पुलिस ने जमीन विवाद में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी 12 बोर की दोनाली बंदूक, 5 जिंदा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 की शाम ग्राम गरुईया निवासी दिलीप सिंह यादव अपने पुत्र राजेश के साथ पंचर टायर ठीक कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही ज्ञान सिंह पुत्र टीकाराम ने पुरानी जमीन संबंधी रंजिश के चलते अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर दिलीप सिंह की हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के पुत्र राय सिंह की तहरीर पर थाना वजीरगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को गंगा एक्सप्रेसवे के पास ग्राम मेहरा मार्ग से आरोपी ज्ञान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

