सपा नेता सर्वेश यादव ने किया दोनों को टीमों को सम्मानित
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई में आयोजित बीजीपीएल-9 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक माहौल में खेला गया। खिताबी मुकाबले में बेहटा चैलेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किंग्स इलेवन को 42 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले दीपांशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल मुकाबले में किंग्स इलेवन के कप्तान राजीव पुरी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी के लिए उतरी बेहटा चैलेंजर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 113 रन बनाए। टीम की ओर से यशपाल ने 24, दीपांशु ने 27 और सोनू ने 15 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। किंग्स इलेवन की ओर से कप्तान राजीव पुरी, टिंकू पाल और शिवम ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा। 114 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन की शुरुआत निराशाजनक रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम कभी भी लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ती नजर नहीं आई और पूरी टीम 71 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शेखर ने 16, दुर्गेश कुमार ने 12 तथा कप्तान राजीव पुरी ने 8 रन बनाए। वहीं बेहटा चैलेंजर्स की गेंदबाजी भी प्रभावशाली रही। विकास ने तीन विकेट झटके, जबकि दीपांशु और यशपाल ने दो-दो विकेट हासिल किए। चांदू ने भी दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजकर जीत में अहम भूमिका निभाई। बल्ले से 27 रन बनाने और गेंदबाजी में दो विकेट लेने वाले दीपांशु को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अंत में सपा नेता सर्वेय यादव ने यहां पहुंच कर विजेता और उप विजेता रही टीमों को शील्ड देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राघव पुरी, शुभम पुरी, ओम वार्ष्णेय, संदीप पांडेय, सुनील गुप्ता, समोद पुरी, कैलाश पुरी, शोभित पुरी, पंकज, सुमित गुप्ता, अंकित शर्मा, सुभाष चंद्र, योगेश पाली, यीशु मिश्रा, राजेश गुप्ता, राजू गुप्ता, पुलकित गुप्ता, प्रेमपाल मौर्य, नीरेश पुरी, जयकृष्ण गुप्ता, हर्षित पुरी, योगेश, ध्यानचंद मौर्य, राजीव और विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

