बिल्सी -रुपयों के लेनदेन में खूनी संघर्ष: दो भाइयों को लाठी-डंडों से पीटा, चार पर केस दर्ज।
बिल्सी, बदायूं 16 जून।
बिल्सी कस्बे के मोहल्ला नंबर-5 में रुपयों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि चार लोगों ने दो सगे भाइयों पर लात-घूंसों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला नंबर-5 निवासी सुनील कुमार पुत्र सेवाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रुपयों के लेनदेन को लेकर मोहल्ले के ही प्रभुदयाल पुत्र चंद्रपाल, संतोष, धर्मेंद्र व सुरेंद्र पुत्रगण गजराम उससे गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगे। मना करने पर चारों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी।
सुनील की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई कुंवरपाल पुत्र सेवाराम मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने कुंवरपाल को भी लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। मारपीट में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
सुनील कुमार के अनुसार वह अब तक अपना इलाज कराता रहा। सोमवार 14 जून को थाना पहुंचकर उसने कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर दी। बिल्सी पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सचिन को सौंपी गई है।
थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com