बदायूं
उझानी -टेम्पो में ब्लेड से जेब काटकर उड़ाए 20 हजार, दिनदहाड़े वारदात।
—
उझानी, बदायू 15 जून।
भरी दोपहरी में टेम्पो के अंदर जेबकतरों ने एक पिता के अरमानों पर पानी फेर दिया। बेटी को देने के लिए घर से लेकर निकले 20 हजार रुपये बदमाशों ने ब्लेड से जेब काटकर उड़ा दिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी चलती टेम्पो से कूदकर फरार हो गए। पीड़ित ने उझानी कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव जिन्सी नगला निवासी कालीचरन पुत्र द्वारिका प्रसाद कल 14 जून को दोपहर करीब 2 बजे उझानी जाने के लिए टेम्पो में सवार हुए थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में खिरियावाकरपुर के पास दो अज्ञात युवक भी टेम्पो में आकर बैठ गए। कालीचरन की जेब में बेटी को देने के लिए 20 हजार रुपये रखे थे, जिसे वह बेहद संभाल कर रख रहे थे।
जैसे ही टेम्पो नरऊ बाईपास हाईवे पर पहुंचा, दोनों युवक अचानक उतरकर भागने लगे। कालीचरन को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत जेब टटोली। जेब ब्लेड से कटी हुई थी और उसमें रखे 20 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
पीड़ित कालीचरन ने बताया कि वह यह रकम अपनी बेटी को देने के लिए ले जा रहा था। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से वह सदमे में है। घटना के बाद वह सीधे उझानी कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई।
उझानी कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि नरऊ बाईपास और खिरियावाकरपुर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com