4:12 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बंदरों का आतंक, छत पर कपड़े डालने गई महिला पर हमला कर किया लहूलुहान

उझानी में बंदरों का आतंक, छत पर कपड़े डालने गई महिला पर हमला कर किया लहूलुहान।

उझानी (बदायूं) 13 जून ।

कस्बे में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे कृष्णा कॉलोनी में 50 वर्षीय महिला पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। महिला को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया।

कृष्णा कॉलोनी निवासी पिंकी पत्नी वेदप्रकाश शनिवार दोपहर अपने घर की छत पर कपड़े डालने गई थीं। तभी वहां पहले से मौजूद बंदरों के झुंड ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। बंदरों ने महिला को कई जगह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान होकर चीखने लगीं। शोर सुनकर परिजन और मोहल्ले के लोग छत पर पहुंचे और किसी तरह बंदरों को भगाकर घायल महिला को नीचे उतारा।

परिजन तत्काल महिला को उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत अब स्थिर है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। बंदर आए दिन छतों पर सूख रहे कपड़े फाड़ देते हैं, घरों में घुसकर सामान बिखेर देते हैं और राह चलते लोगों पर झपट पड़ते हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

मोहल्लेवासियों ने प्रशासन और वन विभाग से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस