12:26 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

35 वर्षों से मानवता की मिसाल: भारत स्काउट और गाइड करेगा कुष्ठ रोगियों की सेवा, सम्मान के साथ वितरित होंगे उपयोगी सामान और भोजन

बदायूं

35 वर्षों से मानवता की मिसाल: भारत स्काउट और गाइड करेगा कुष्ठ रोगियों की सेवा, सम्मान के साथ वितरित होंगे उपयोगी सामान और भोजन

केशव गुप्ता

बदायूँ। भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्वावधान में 14 जून को कछला स्थित कुष्ठाश्रम में रह रहे कुष्ठ रोगियों के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां स्काउट भवन प्रशिक्षण केंद्र पर जोर-शोर से चल रही हैं, जहां स्वयंसेवक कुष्ठ रोगियों के लिए दैनिक उपयोग की सामग्री के पैकेट तैयार कर रहे हैं।
इन पैकेटों में नहाने और कपड़े धोने का साबुन, चाय की पत्ती, पट्टियां सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल की जा रही हैं। इसके साथ ही रोगियों को दाल, चावल, रोटी और सब्जी का तैयार भोजन भी वितरित किया जाएगा। संस्था द्वारा यह सेवा कार्य नियमित रूप से प्रत्येक माह संचालित किया जाता है।
भारत स्काउट और गाइड संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्य आयुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि कुष्ठ रोगियों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि ये लोग दया के नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मीयता और अपनत्व के अधिकारी हैं। समाज को इनके प्रति संवेदनशील होकर सहयोग का हाथ बढ़ाना चाहिए।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों में आगे आकर नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के माध्यम से ही युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सकते हैं।
डी.ओ.सी. मोहम्मद असरार ने बताया कि संस्था पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से निरंतर कुष्ठ रोगियों की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस प्रकार की नियमित और समर्पित सेवा का उदाहरण बहुत कम देखने को मिलता है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान करना भी है।
कुष्ठ रोगियों की सेवा को समर्पित यह आयोजन मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा। संस्था के पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से इस पुनीत अभियान में सहयोग करने और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस