सांसद आदित्य यादव का जन्मदिन हवन-पूजन व केक काटकर मनाया
बिल्सी। समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव का शुक्रवार को जन्मदिन क्षेत्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम रायपुर मजरा में सपा नेता उदयवीर सिंह शाक्य के नेतृत्व में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सांसद आदित्य यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं जनसेवा के लिए हवन-पूजन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए हवन में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर मंगलकामना की।
सपा नेता उदयवीर सिंह शाक्य ने कहा कि सांसद आदित्य यादव के नेतृत्व में बदायूं जनपद विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए संकल्प लिया है कि पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान सपा नगर अध्यक्ष कविंद्र सक्सेना, सुनील यादव, नन्हें सिंह शाक्य, चंद्रपाल शाक्य, प्रियेंद्र शाक्य, कैलाश शाक्य, यशपाल, देवकी नंदन मौर्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इधर, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन अली के कैंप कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने सांसद आदित्य यादव का जन्म दिवस बहुत धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर सपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के चित्र के समक्ष केक काटकर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं लंबी उम्र की कामना की। हाजी बिट्टन अली ने सपा सांसद आदित्य यादव के कार्यों की जमकर तारीफ की। इस दौरान सर्वेश यादव मुशाहिद मालिक डॉ देवेन्द्र यादव टिंकू शाक्य देवेंद्र गौतम इलियास हुसैन के साथ दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

