बदायूं
36 घंटे में चोरी का खुलासा: खाटू श्याम कॉलोनी से लाखों की चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, ₹1.90 लाख नकदी व जेवर बरामद
केशव गुप्ता
बिसौली (बदायूं)। थाना बिसौली पुलिस ने खाटू श्याम कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का महज 36 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹1,90,400 की नकदी, एक जोड़ी कड़े, एक जोड़ी पायल तथा तीन सफेद धातु के सिक्के बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार खाटू श्याम कॉलोनी निवासी विपिन शर्मा 9 जून को अपनी पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर वजीरगंज गए थे। दोपहर करीब तीन बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया गया था। अज्ञात चोर घर में रखी नकदी और जेवर चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना बिसौली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने मामले के खुलासे और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की थीं। उनके निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी बिसौली संजीव कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही थी।
गुरुवार को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम खजुरिया के निकट रवि कुमार सिंह उर्फ सिट्टू पुत्र स्वर्गीय गजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम दवतोरी थाना बिसौली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई नकदी और आभूषण बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने खाटू श्याम कॉलोनी स्थित विपिन शर्मा के घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। उसने बताया कि चोरी की गई रकम में से लगभग 20 हजार रुपये खर्च कर चुका है तथा कुछ धनराशि अपने बैंक खाते में जमा कर दी थी। शेष माल को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के त्वरित खुलासे और माल बरामदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने बिसौली पुलिस की सराहना की है

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

