उझानी में रिश्तों को आग: पत्नी ने मायके वालों संग मिलकर फूंका पति का घर, कोर्ट के आदेश पर FIR।
उझानी-बदांयू 11 जून।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के खजुरारा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि एक पत्नी ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर पति के घर में जमकर तोड़फोड़ की, लूटपाट की और फिर पूरे घर को आग के हवाले कर दिया। चौंकाने वाली बात ये है कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आखिरकार कोर्ट के दखल के बाद अब मुकदमा दर्ज हुआ है।
पीड़ित अंकुर पुत्र सौदान सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बदायूं की कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। अंकुर के मुताबिक 14 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 बजे जब वह दिल्ली में था, तब उसकी पत्नी सुमन अपनी मां मायादेवी और भाइयों जितेंद्र व मोहन निवासी छोटी काशी, गोला गोकर्णनाथ,जिला लखीमपुर खीरी के साथ खजुरारा स्थित उसके घर पहुंची।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले अंकुर की मां से गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्हें लात-घूंसों से पीटा गया। इसके बाद घर में रखे ₹3500 नकद, सोने के आभूषण, सोने की लर, चांदी की पायल और बिछुआ लूट लिए।
शिकायत के अनुसार, आरोपी यहीं नहीं रुके। घर में खड़ी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर पूरे घर में छिड़क दिया और आग लगा दी। इस आगजनी में पूरा घर, वॉशिंग मशीन, कूलर, फ्रिज, अलमारी, सभी घरेलू सामान और मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। अंकुर की हाईस्कूल, इंटर और ITI की मार्कशीट तक जल गईं। घर का लैंटर फट गया और रखा अनाज भी जल गया। परिवार के सामने खाने का संकट खड़ा हो गया।
पीड़ित के भाई शिवकुमार ने 112 पर कॉल की। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उल्टा पीड़ित के भाई को ही डांट दिया। चौकी में “ड्रामा करने” का आरोप लगाकर जेल में डालने की धमकी दी गई। गांव वालों के वीडियो दिखाने पर, जिसमें आरोपी महिला खुद आग लगाने की बात कबूल कर रही थी, तब जाकर भाई को छोड़ा गया।
पीड़ित का आरोप है कि कछला चौकी पुलिस ने “लेडी पुलिस नहीं है” कहकर पत्नी और उसके मायके वालों को बिना कार्रवाई छोड़ दिया। उझानी थाने में भी सुनवाई नहीं हुई।
थाने से निराश होकर अंकुर ने 20 मार्च को SSP बदायूं और मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा। जब वहां से भी जवाब नहीं मिला तो 24 मार्च को कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर अब धारा 173(4) B.N.S.S. के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिनेश सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की तह तक जाने की बात कह रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com