बदायूं
उसावां पुलिस का ऑपरेशन सफल: 18 घंटे में नोएडा से सकुशल मिलीं दो नाबालिग बहनें, पुलिस टीम का हुआ सम्मान
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। थाना उसावां पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुईं दो नाबालिग चचेरी-तहेरी बहनों को महज 18 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों किशोरियों को नोएडा से खोज निकाला। इस सफलता पर क्षेत्र में पुलिस की जमकर सराहना हो रही है।
मंगलवार सुबह कस्बा उसावां निवासी दो नाबालिग किशोरियां घर से टहलने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद थाना उसावां में शिकायत दर्ज कराते हुए अपहरण की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी दातागंज राहुल पाण्डेय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सर्विलांस टीम द्वारा किशोरियों की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके आधार पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील चौधरी एवं पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नोएडा पहुंचकर दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद दोनों किशोरियों को थाना लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरियों के बयान और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस उल्लेखनीय सफलता से परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस अवसर पर चेयरमैन पति अनिल सिंह चौहान एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना उसावां पहुंचकर पुलिस टीम को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके कार्य की प्रशंसा की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस इसी तरह तत्परता से कार्य करती रही तो आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत होगा। उसावां पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com