बदायूं
होली चौक की जमीन पर गैर समुदाय के लोगों के कब्जे का आरोप, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद प्रशासनिक जांच तेज
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। नगर पंचायत उसावां के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले होली चौक की भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। हिंदू समाज और राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि होली चौक से जुड़ी सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर गैर समुदाय के कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है, जिससे वर्षों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं प्रभावित हो रही हैं। मामले को लेकर हिंदू संगठनों के आंदोलन और ज्ञापन के बाद प्रशासन ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसडीएम दातागंज के निर्देश पर नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, राजस्व विभाग, नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अभिलेखों की जांच की और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।
राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि होली चौक केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं बल्कि हिंदू समाज की आस्था, संस्कृति और परंपराओं का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्षों से धार्मिक आयोजन और सामाजिक कार्यक्रम होते आ रहे हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा भूमि पर कब्जा कर उसके स्वरूप को बदलने का प्रयास किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
इस पूरे प्रकरण में हिंदू समाज की एकजुटता भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक भूमि और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए आवाज उठाई तथा प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि समाज की जागरूकता और संगठनों के प्रयासों के कारण ही मामला प्रशासन के संज्ञान में आया और जांच शुरू हो सकी।
निरीक्षण के दौरान हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को मौके की स्थिति से अवगत कराते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग दोहराई। प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी और यदि किसी प्रकार का अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और स्थानीय लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। हिंदू समाज के लोगों का कहना है कि धार्मिक और सार्वजनिक उपयोग की भूमि को किसी भी कीमत पर अतिक्रमण का शिकार नहीं होने दिया जाएगा तथा इसकी रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

