हाईवे पर गांव खैरी के पास हुआ था हादसा
बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसा गांव खैरी के पास उस समय हुआ, जब अचानक सड़क पर आए आवारा सांड से उसकी बाइक टकरा गई। घायल युवक का निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया, जिसके बाद उसे घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बदायूं शहर के मोहल्ला जवाहरपुरी निवासी बालेश गुप्ता जियो कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। शाम को वह उघैती क्षेत्र से अपने कार्यस्थल से लौटकर बाइक से घर जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह बिजनौर-बदायूं हाईवे पर स्थित गांव खैरी के निकट पहुंचे, तभी एक आवारा सांड अचानक सड़क पर आ गया।
सांड के अचानक सामने आने से बालेश गुप्ता बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सके और उनकी बाइक सीधे सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायल को तत्काल उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

