विश्व पर्यावरण दिवस पर बिल्सी में चला पौधारोपण अभियान
जनप्रतिनिधियों ने दिया हरियाली का संदेश

बिल्सी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा विधायक हरीश शाक्य ने स्थानीय गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है।
भाजपा नेत्री ममता शाक्य ने बांस बरोलिया में कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने तथा हरियाली बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इधर, नगर के सीएचसी परिसर में डा.अनिल कुमार गुप्ता ने स्टाफ के साथ पौधे लगाए। महाराणा प्रताप राजकीय पीजी कालेज में प्राचार्य डा.पंकज कुमार सिंह ने छात्रों के साथ कालेज में पौधे लगाए। वहीं सपा के वरिष्ठ नेता उदयवीर सिंह शाक्य ने अपने गांव रायपुर मजरा में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर समाज के पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी समाजसेवियों ने पौधे लगाए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

