निर्धन कन्या विवाह की तैयारी में जुटा बलदेव धाम, नौ को होगा कार्यक्रम
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी खोंसरा स्थित बालाजी दरबार बलदेव धाम के तत्वावधान में आगामी 9 जून को आयोजित होने वाले निर्धन कन्या विवाह एवं महायज्ञ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन समिति ने इस पुनीत कार्य की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की है। बालाजी दरबार बलदेव धाम के प्रधान मंहत आचार्य ललिता शर्मा ने बताया कि निर्धन कन्या का विवाह केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानव सेवा और पुण्य का एक महान यज्ञ है। ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद परिवारों को सहारा मिलता है और समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव तथा सेवा की भावना को बल मिलता है। उन्होंने क्षेत्र के समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी माध्यम से इस आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करें। इससे समाज के लोग इस पुण्य कार्य से जुड़ सकेंगे और जरूरतमंद कन्या के विवाह में सहयोग प्रदान कर सकेंगे।
ललिता शर्मा ने कहा कि समाज की भागीदारी से ही ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग भी किसी परिवार के जीवन में खुशियां ला सकता है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि क्षेत्रवासी इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाएंगे और निर्धन कन्या के विवाह जैसे पुण्य कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे।
उन्होंने बताया कि 9 जून को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह एवं महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

