बिल्सी के बदायूं बस स्टैंड का लगा प्याऊ वर्षों से खराब
राहगीरों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा
बिल्सी। भीषण गर्मी के बीच नगर के बदायूं बस स्टैंड पर लगा सार्वजनिक प्याऊ पिछले कई वर्षों से खराब पड़ा हुआ है। इसके चलते बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर पालिका परिषद प्रशासन से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
नगर के प्रमुख बस स्टैंड पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां प्याऊ की व्यवस्था की गई थी, लेकिन लंबे समय से खराब पड़े होने के कारण इसका कोई लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है या फिर निजी दुकानों से पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ता है।
गौरक्षक समिति के पदाधिकारी टिंकू गुप्ता ने बताया कि खराब पड़े प्याऊ की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका परिषद प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद आज तक किसी भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पेयजल की व्यवस्था सुचारु रहना बेहद आवश्यक है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की अनदेखी के कारण आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र खराब पड़े प्याऊ को ठीक कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर पेयजल की समुचित व्यवस्था होना आवश्यक है, ताकि यात्रियों और राहगीरों को राहत मिल सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

