शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में सनातन धर्म की चुनौतियों पर मंथन
जात-पात से ऊपर उठने का आह्वान
बिल्सी। राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा आयोजित पांच दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन कछला रोड स्थित भूदेवी वाष्र्णेय इंटर कॉलेज परिसर में सनातन धर्म, सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न जिलों से आए शिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन शारीरिक प्रशिक्षण से हुई। प्रशिक्षित पदाधिकारियों ने शिक्षार्थियों को जूडो, कराटे, लाठी संचालन एवं निशानेबाजी का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से जलपान किया।
बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता अर्पित भामाशाह, प्रांत मंत्री अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने शिक्षार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म के समक्ष अनेक चुनौतियां मौजूद हैं, जिनका सामना समाज की एकजुटता से ही किया जा सकता है। उन्होंने समाज में आपसी सौहार्द और समरसता को मजबूत बनाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि इतिहास में आपसी मतभेदों और विभाजनकारी प्रवृत्तियों का लाभ उठाकर बाहरी शक्तियों ने देश को कमजोर करने का प्रयास किया। समाज को जात-पात और ऊंच-नीच की भावना से ऊपर उठकर राष्ट्र एवं धर्महित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने धर्मरक्षा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रसेवा के लिए संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं और शिक्षार्थियों ने समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में ब्रज प्रांत के विभिन्न जिलों से आए 153 से अधिक शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

