2:42 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

वजीरगंज – पुलिस-मुठभेड़ के बाद लूटकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार

बदायूं

वजीरगंज में पुलिस-मुठभेड़ के बाद लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार; सिपाही समेत दो घायल

केशव गुप्ता

बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में बीते 9 मई को बिल्सी रोड स्थित ब्यौली मढ़ी के पास हुई मोटरसाइकिल लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सिपाही तथा दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम को रविवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश किसी नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से बिल्सी से वजीरगंज की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम मुसेपुर पुल के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने के बजाय बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कांस्टेबल प्रिंस चौधरी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में फारुख उर्फ बादशाह और अमन चतुर्वेदी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका साथी सुरजीत उर्फ नन्हू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी फारुख ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 9 मई की रात एक व्यक्ति से तमंचे के बल पर मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटा था। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फारुख और अमन के खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाशों और घायल सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस