बदायूं
बदायूं समेत 18 जिलों में मौसम का रेड अलर्ट, 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
केशव गुप्ता
बदायूं। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार बदायूं सहित प्रदेश के 18 जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है। सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर बिजली गिरने के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तथा कुछ क्षेत्रों में 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी आशंका है।
रेड अलर्ट वाले जिलों में इटावा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, कासगंज, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर, अलीगढ़, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, अमरोहा और मुरादाबाद शामिल हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
