बदायूं
आंधी-बारिश ने खोली बदायूं की तैयारियों की पोल, जलभराव से थमा जनजीवन, रातभर गुल रही बिजली
बदायूं। शनिवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। कई इलाकों में भारी जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं पुलिस लाइन के पास पेड़ गिरने से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके चलते शहर के बड़े हिस्से में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही।
आंधी के दौरान पेड़ गिरने से हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने जेसीबी की मदद से पेड़ को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया। उधर नगर पालिका द्वारा नालों की सफाई के दावों के बावजूद आर्य समाज रोड, गांधी ग्राउंड चौराहा, कश्मीरी चौक, जोगीपुरा, ब्रह्मपुर और जवाहरपुरी समेत कई निचले इलाकों में पानी भर गया।
सड़कों पर जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस गए, जिन्हें लोगों को धक्का लगाकर निकालना पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बारिश ने सफाई और जल निकासी के सभी दावों की हकीकत सामने ला दी है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com