
बदायूं
बदायूँ में मौसम का रेड अलर्ट जारी, पुलिस-प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
केशव गुप्ता
बदायूँ। मौसम विभाग द्वारा आगामी 29 से 31 मई तक आंधी-तूफान, भारी वर्षा, ओलावृष्टि, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जनपद में पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने आमजन को संभावित खराब मौसम के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जनपद में “रेड अलर्ट” घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार व्यक्तियों की विशेष देखभाल करने के साथ ही पालतू पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि तेज आंधी, बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों के आसपास न जाएं। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचें और वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें। बिजली चमकने और मेघगर्जन के समय मोबाइल फोन व अन्य विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का ही पालन करें। उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जनसहयोग से किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जाएगा।
पुलिस-प्रशासन ने सभी नागरिकों से सतर्कता, संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
