11:35 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

लखनऊ में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद का महाधिवेशन संपन्न, 17 राज्यों के पत्रकारों का महासंगम; उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दिए बड़े संकेत

बदायूं

लखनऊ में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद का महाधिवेशन संपन्न, 17 राज्यों के पत्रकारों का जुटा महासंगम; उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दिए बड़े संकेत

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के राजभवन गेट स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (पंजीकृत) के स्थापना दिवस, राष्ट्रीय महाधिवेशन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में देश के 17 राज्यों से आए हजारों पत्रकारों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता और ताकत का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए जल्द ही महत्वपूर्ण निर्णय लेने जा रही है।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं, जो गांव-देहात से लेकर शहरों तक की हर छोटी-बड़ी घटना को जनता और सरकार तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकार कई बार अपनी जान जोखिम में डालकर सच्चाई को सामने लाते हैं और सरकार उनके योगदान का सम्मान करती है।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने पत्रकारों के हितों से जुड़ी छह प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखीं। इनमें पत्रकारों एवं उनके परिवारों को निःशुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य बीमा, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, फील्ड में कार्यरत पत्रकारों के लिए 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, पत्रकार वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त करने तथा झूठे मुकदमों में फंसाए जाने की घटनाओं पर रोक लगाने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल रहीं।
महाधिवेशन में प्रदेश के कारागार मंत्री सुरेश राही समेत कई जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, विधायकों और नगर के गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष अनूप गौड़, जिला मीडिया प्रभारी मोहन कुमार, जिला उपाध्यक्ष रिजवान अहमद, जिला संगठन मंत्री पुष्पेंद्र कुमार, जिला कोषाध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव, महामंत्री अनमोल कल्याणी, महासचिव उमाकांत कश्यप, महासचिव राजू सोनकर तथा जिला संगठन मंत्री अजय कुमार गौतम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के समापन अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा एवं मुख्य अतिथियों द्वारा देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों को प्रतीक चिन्ह एवं सम्मान पटका भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकार एकता, सुरक्षा और अधिकारों की आवाज बुलंद हुई तथा पत्रकार हितों को लेकर संगठन की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस