बदायूं
बेटे की चाहत बनी मौत की वजह? विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
बदायूं। जनपद के जरीफनगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बेटे की चाहत और पारिवारिक रंजिश के चलते विवाहिता को पहले प्रताड़ित किया गया और बाद में जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव लहोरपुरा निवासी जुगल किशोर ने करीब छह वर्ष पूर्व अपनी पुत्री कुसुमा की शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ राजेश के साथ की थी। शादी के बाद कुसुमा ने एक बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद से ही ससुराल पक्ष के कुछ लोगों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और उस पर बेटे को जन्म देने का दबाव बनाया जाने लगा। मायके पक्ष का कहना है कि इसी बात को लेकर कुसुमा का लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था।
परिजनों का यह भी आरोप है कि परिवार में दूसरी शादी को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतका के ससुर जोधा सिंह अपने बेटे की दूसरी शादी कराना चाहते थे, लेकिन राजेश ने इसका विरोध किया। इसी बीच जमीन की वसीयत को लेकर भी परिवार में मतभेद बढ़ गए, जिससे रिश्तों में और अधिक तनाव पैदा हो गया।
मृतका के पिता का आरोप है कि मंगलवार देर रात परिवार के कुछ लोगों ने कुसुमा के साथ मारपीट की और उसे जबरन कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे सहसवान के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं, मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
विवाहिता की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठा सकती है।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com