5:53 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

25 दिन बनाम 45 दिन: उसावां टाउन के उपभोक्ता परेशान, रघुनंदन भारत गैस एजेंसी पर उठे सवाल*

बदायूं

*25 दिन बनाम 45 दिन: उसावां टाउन के उपभोक्ता परेशान, रघुनंदन भारत गैस एजेंसी पर उठे सवाल*

Bharat Petroleum से जुड़ी रघुनंदन भारत गैस एजेंसी, बाराकला की गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में लगातार नाराज़गी बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार और तेल कंपनियों द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग एलपीजी वितरण नियम तय किए गए हैं, लेकिन आरोप है कि उसावां टाउन क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी ग्रामीण मानकों के तहत गैस दी जा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकारी नियमों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की अगली बुकिंग लगभग 25 दिन बाद मान्य होती है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अंतर करीब 45 दिन रखा गया है। सरकार का तर्क है कि ग्रामीण इलाकों में गैस की औसत खपत कम होती है, इसलिए लंबा अंतर निर्धारित किया गया। लेकिन उसावां टाउन क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि उनका इलाका व्यवहारिक रूप से शहरी श्रेणी में आता है, इसके बावजूद उन्हें 45 दिन के लंबे इंतजार के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता।

स्थानीय लोगों के अनुसार रघुनंदन भारत गैस एजेंसी के लगभग 50 प्रतिशत कनेक्शन उसावां टाउन क्षेत्र में हैं, लेकिन एजेंसी द्वारा इन उपभोक्ताओं को भी ग्रामीण श्रेणी में रखकर गैस वितरण किया जा रहा है। आरोप है कि बुकिंग के बाद भी चार से पांच दिन तक सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाता, जबकि कई बार सप्लाई वाहन भी निरंतर नहीं पहुंचते। इससे परिवारों को रसोई व्यवस्था चलाने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि एक ओर सरकार “उज्ज्वला” और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर गैस वितरण की अनियमितताएं लोगों को फिर पारंपरिक ईंधनों की ओर धकेल रही हैं। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी और चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि उसावां टाउन क्षेत्र को शहरी श्रेणी के अनुरूप गैस वितरण सुविधा दी जाए, बुकिंग के बाद त्वरित डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और सप्लाई वाहनों की नियमित व्यवस्था लागू की जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ता सामूहिक रूप से प्रशासन और तेल कंपनी अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.